गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी ने मंगलवार को एसपी से मुलाकात कर शहर की अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की। सांसद ने कहा कि रात 9 बजे नो-एंट्री हटते ही भारी वाहनों के प्रवेश से शहर में भीड़ और अव्यवस्था बढ़ जाती है, जिससे हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। बीती रात ट्रक की चपेट में आए एक युवक की मौत समेत नेताजी चौक और पचंबा फोर-लेन क्षेत्र में हुए हादसों पर उन्होंने गंभीर चिंता जताई।

सांसद चौधरी ने बड़े वाहनों के लिए नो-एंट्री समय को रात 10 बजे तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। एसपी ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द व्यवस्था लागू करने का आश्वासन दिया। सांसद ने उम्मीद जताई कि नए समय-निर्धारण से शहर का ट्रैफिक दबाव कम होगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।












