गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने पेंशन, राशन कार्ड, आवास सहित कई विभागीय समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को प्राथमिकता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जनता दरबार का मूल उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मामलों में तत्काल निपटारा संभव है, उन्हें तुरंत समाधान किया जाए और जिन मामलों में जांच आवश्यक है, वहां अधिकारी निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करें। उन्होंने यह भी कहा कि योग्य लोगों को सरकारी योजनाओं से वंचित न रखा जाए और नागरिकों को एक ही कार्य के लिए बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें। जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के लिए जनता दरबार को अत्यंत प्रभावी माध्यम बताया गया।













