एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से देशभर में चल रहे सरदार@150 यूनिटी मार्च के तहत 18 नवंबर को गिरिडीह में जिला स्तरीय पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। नया सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने बताया कि पदयात्रा झंडा मैदान से शुरू होकर बरगंडा, मकतपुर, दरबान चौक और सर जेसी मार्ग होते हुए पुनः झंडा मैदान लौटेगी। इस पदयात्रा का नेतृत्व स्वयं सांसद करेंगे। जिले के विभिन्न कॉलेजों के एनसीसी और एनएसएस कैडेट, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में युवा इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।

सांसद चौधरी ने बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर राष्ट्रव्यापी स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो ‘मेरा युवा भारत’ और ‘राष्ट्रीय सेवा योजना’ के तत्वावधान में पूरे देश में संचालित है। जिला स्तरीय पदयात्रा के बाद 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक गुजरात के करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक 150 किलोमीटर की ऐतिहासिक राष्ट्रीय पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें देशभर से चयनित युवा शामिल होंगे। मौके पर जिला युवा कार्यक्रम पदाधिकारी रवि कुमार मिश्रा, प्रो. डी.के. वर्मा, सलाहकार मोहम्मद सनाउल अंसारी, भाजपा प्रदेश मंत्री कामेश्वर पासवान और आजसू महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रियंका शर्मा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।













