Aba News

बिरसा मुंडा जयंती पर फॉरवर्ड ब्लॉक का संकल्प—जल, जंगल, जमीन की लड़ाई तेज करने की जरूरत

बेंगाबाद में ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें नमन किया। पार्टी नेताओं ने कहा कि बिरसा के सपनों का झारखंड बनाने के लिए कारपोरेट लूट के खिलाफ जल-जंगल-जमीन पर जन अधिकार की लड़ाई को मजबूत करना होगा। कार्यक्रम में पूर्व जिप सदस्य राजेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं में विकास दिखाया जाता है, लेकिन वास्तविकता धरातल पर दिखाई नहीं देती।

राजेश यादव ने कहा कि 25 वर्ष बाद भी झारखंड बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार से जूझ रहा है। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था अपने सबसे बुरे दौर में है, वहीं आम लोग प्रखंड और अंचल कार्यालयों में घूस देकर काम कराने को मजबूर हैं। उन्होंने शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए संगठित संघर्ष की जरूरत बताई और भूमिहीनों व वनाश्रित आदिवासियों को जमीन और वन भूमि का पट्टा देने की मांग की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें