गिरिडीह से झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार आज सुबह गिरिडीह हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना हुए। वे प्रगति मैदान में आयोजित होने वाले इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2025 में झारखंड पवेलियन के भव्य उद्घाटन में शामिल होंगे। यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन झारखंड की कला, संस्कृति, उद्योग, खनिज संपदा और हस्तशिल्प की विविधता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। मंत्री सुदिव्य कुमार के नेतृत्व में तैयार किया गया झारखंड पवेलियन इस वर्ष विशेष आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है, जहां राज्य की आत्मनिर्भरता और नवाचारों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

दिल्ली रवाना होने से पहले मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि इस मेले में देश-विदेश के प्रतिनिधियों, निवेशकों व उद्यमियों के सामने झारखंड की विकास संभावनाओं और नीतिगत उपलब्धियों को रखा जाएगा। इससे राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे, साथ ही झारखंड की वैश्विक पहचान और भी मजबूत होगी। ट्रेड फेयर 2025 में झारखंड की भागीदारी न केवल सांस्कृतिक वैभव को प्रदर्शित करेगी, बल्कि राज्य की आर्थिक प्रगति को भी नई दिशा देगी।












