गिरिडीह। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में आज जिला प्रशासन गिरिडीह की ओर से एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली शहर के ऐतिहासिक झंडा मैदान से शुरू होकर प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर खंडोली पर्यटन स्थल तक निकाली गई। रैली का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और राज्य की एकता का संदेश देना था। इस अवसर पर गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विस्पुते सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में युवाओं व नागरिकों ने भाग लिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “स्वच्छ झारखंड, स्वस्थ झारखंड” और “हरित प्रदेश, समृद्ध प्रदेश” जैसे नारों से पूरे मार्ग को गुंजायमान कर दिया। जिला प्रशासन ने इस आयोजन के माध्यम से लोगों से साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।













