गिरिडीह प्रखंड के ग्राम पंचायत तेलोडीह अंतर्गत मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र – खुट्टा में बढ़ती ठंड को देखते हुए बुधवार को बच्चों के बीच स्वेटर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह पहल झारखंड सरकार की ओर से बच्चों को सर्दी से बचाव हेतु की गई।

कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया सब्बीर आलम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने स्वयं बच्चों को स्वेटर पहनाकर सर्दी से बचाव के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य शमशाद एवं आमिर अली, वार्ड सदस्य और कई स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कदम न केवल बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता का भी प्रतीक हैं।













