राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास रविवार दोपहर एक कार में हुए जोरदार धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक इको वैन में अचानक जबरदस्त विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। धमाके में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद आसपास खड़ी 5-6 गाड़ियों में आग लग गई, जिससे पूरा इलाका धुएं से भर गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद करीब 15 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं। फिलहाल लाल किले के आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह से घेर लिया गया है और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है।
धमाके के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कई पर्यटक तथा स्थानीय लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घायलों को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल भेजा गया। सूत्रों के मुताबिक, फोरेंसिक टीम को घटनास्थल से विस्फोटक सामग्री के कुछ नमूने मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) की टीमों को भी अलर्ट कर दिया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह धमाका दुर्घटनावश हुआ या किसी साजिश के तहत।
गृह मंत्रालय ने घटना को लेकर दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी प्रकार की अफवाह या दहशत न फैलाई जाए। मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सीएनजी सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। राजधानी के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की है और घायलों के समुचित इलाज के आदेश दिए हैं।












