गिरिडीह, 9 नवम्बर — ऑल इंडिया चंद्रवंशी युवा एसोसिएशन के पदाधिकारी और नगर समिति के सदस्यों ने सदर अस्पताल में भर्ती सुनील राम से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया। जानकारी के अनुसार, सुनील राम एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका पैर बुरी तरह जख्मी है। सोशल मीडिया पर यह मामला सामने आया कि व्हीलचेयर के अभाव में उन्हें ठेले पर आधार कार्ड अपडेट कराने जाना पड़ा और नर्स द्वारा व्हीलचेयर छीन ली गई।

इस घटना की जानकारी मिलने पर समाज के प्रदेश संयोजक अजीत कुमार पप्पू सहित कई पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सुनील राम को आश्वस्त किया कि पूरा चंद्रवंशी समाज उनके साथ है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। इस दौरान नगर अध्यक्ष रूपेश चंद्रवंशी, महिला नगर अध्यक्ष एडवोकेट मधु कुमारी, कानूनी सलाहकार एडवोकेट मुकेश कुमार, विवेक, विकास, नकुल और पवन चंद्रवंशी भी मौजूद रहे।












