गिरिडीह जिले की साइबर थाना पुलिस ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र से दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो खुद को आंगनबाड़ी अधिकारी बताकर गर्भवती महिलाओं से ठगी करते थे। आरोपियों की पहचान शंकर कुमार वर्मा और धनुषधारी प्रसाद वर्मा के रूप में हुई है। ये दोनों मातृत्वा लाभ राशि दिलाने का झांसा देकर कॉल करते थे और महिलाओं से बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर ठगी करते थे।

साइबर डीएसपी आबिद खान ने बताया कि एसपी डॉ. विमल कुमार को मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई की गई। टीम ने खंडोली डैम के पास छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से मोबाइल, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और कई पहचान पत्र बरामद किए गए। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।












