बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। दूसरे और अंतिम चरण के प्रचार का आज आखिरी दिन है, जिसके बाद शाम तक चुनावी शोर थम जाएगा। 11 नवंबर को 122 सीटों पर मतदान होगा और उससे पहले एनडीए व महागठबंधन दोनों ने अपनी पूरी ताकत मैदान में झोंक दी है। आज का दिन इसलिए भी खास है क्योंकि महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव का 37वां जन्मदिन है। राजद कार्यालय में समर्थक 37 पाउंड का केक काटकर जश्न मनाएंगे, जबकि तेजस्वी खुद कई जिलों में रैलियां कर रहे हैं। वे अपने भाषणों में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर एनडीए सरकार को घेर रहे हैं।
वहीं, एनडीए की ओर से आज प्रचार का केंद्र बना है सासाराम, अरवल, रोहतास, औरंगाबाद और कैमूर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सासाराम और अरवल में दो विशाल रैलियां करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विकास और महिला सशक्तिकरण योजनाओं के मुद्दों पर जनता से वोट मांग रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चार जिलों में रैलियां कर विपक्ष पर करारा प्रहार कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें 11 नवंबर को होने वाले मतदान पर टिकी हैं, जो बिहार की सियासत की नई दिशा तय करेगा।












