बिहार चुनावी माहौल के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को राजद नेता तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें “बिहार का आगामी मुख्यमंत्री” बताया है। अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा— “बिहार के जनप्रिय ‘नौकरी-नायक’ युवा नेता तेजस्वी यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और बिहार के आगामी मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की अनंत शुभकामनाएं।” उनके इस बयान ने बिहार की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। राजनीतिक गलियारों में अब यह चर्चा का विषय बन गया है कि क्या अखिलेश यादव के इस संदेश का असर बिहार की चुनावी रणनीति पर भी देखने को मिलेगा।
अखिलेश यादव इन दिनों बिहार में महागठबंधन के समर्थन में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे अब तक 20 से अधिक रैलियां कर चुके हैं और आज चार रैलियां और करेंगे। सपा का कोई प्रत्याशी बिहार में चुनाव नहीं लड़ रहा है, फिर भी अखिलेश यादव पूरे जोश के साथ तेजस्वी यादव के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने अपने भाषणों में कहा कि तेजस्वी के मुख्यमंत्री बनने से बिहार के युवाओं को रोजगार और विकास का नया अवसर मिलेगा।
सपा प्रमुख के इस बधाई संदेश को विपक्षी एकता का प्रतीक माना जा रहा है। बिहार में महागठबंधन के अन्य दलों के नेताओं ने भी तेजस्वी यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, लेकिन अखिलेश यादव का “मुख्यमंत्री” शब्द प्रयोग सबसे अधिक चर्चा में रहा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान विपक्षी खेमे के अंदर एकजुटता का संकेत है और बिहार के मतदाताओं के बीच महागठबंधन के प्रति विश्वास को मजबूत करेगा।












