बेंगाबाद के पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने छोटकी खरगडीहा मुख्य मार्ग पर पेसराटांड़ नदी के पुल की बदहाल स्थिति पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पुल के दोनों ओर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ गई है। यह मार्ग अत्यंत व्यस्त होने के कारण वाहनों को अचानक रफ्तार कम करनी पड़ती है, जिससे पीछे से टक्कर की आशंका बनी रहती है।

राजेश यादव ने बताया कि हाल ही में सड़क की मरम्मती हुई थी, लेकिन घटिया निर्माण कार्य के कारण बारिश में सड़क दोबारा खराब हो गई। उन्होंने जिला प्रशासन व संबंधित विभाग से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर फॉरवर्ड ब्लॉक के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे, जिन्होंने जनहित में सड़क की मरम्मती की अपील की।












