कहते हैं किस्मत पलटने में देर नहीं लगती, और राजस्थान के कोटपुतली के सब्जी विक्रेता अमित के जीवन में यह कहावत सच साबित हो गई। अमित रोज़ की तरह अपने इलाके में सब्जियां बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। लेकिन पंजाब घूमने आए अमित की जिंदगी उस वक्त बदल गई जब उन्होंने अपने दोस्त से 1000 रुपये उधार लेकर ‘पंजाब स्टेट दिवाली बंपर-2025’ का टिकट खरीदा। उसी टिकट ने अमित को रातोंरात करोड़पति बना दिया। 11 करोड़ रुपये की लॉटरी लगने की खबर से उनका पूरा परिवार और इलाका खुशी से झूम उठा।
लॉटरी जीतने के बाद भी अमित की मुश्किलें खत्म नहीं हुई थीं। इनाम लेने के लिए जेब में किराए तक के पैसे नहीं थे। किसी ने 500 रुपये तो किसी ने 300 रुपये उधार दिए, तब जाकर वे सात-आठ साथियों के साथ चंडीगढ़ पहुंच पाए। पंजाब स्टेट लॉटरी दफ्तर में इनाम की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अमित ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि किस्मत यूं पलट जाएगी।” उन्होंने कहा कि वह अब अपने बच्चों को पढ़ाएंगे ताकि उन्हें वही संघर्ष न झेलना पड़े जो उन्होंने झेला है।
अमित ने भावुक होकर बताया कि वह अपने दोस्त मुकेश को एक करोड़ रुपये देंगे और उसकी बेटियों का कन्यादान भी करेंगे। अमित के चार भाई थे, जिनमें से तीन का निधन हो चुका है, और मां भी अब नहीं रहीं। वह अपनी दो भाभियों, उनके बच्चों, पत्नी और दो बच्चों के साथ संयुक्त परिवार की जिम्मेदारी उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि वह पंजाब घूमने इसलिए आए थे क्योंकि उन्होंने सुना था कि यहां गुरुद्वारे हर समय खुले रहते हैं। बठिंडा में रुकते वक्त खरीदे गए उसी टिकट ने उनकी जिंदगी को नई दिशा दे दी।












