गिरिडीह के पंजाबी मुहल्ला स्थित गुरुद्वारे में गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश उत्सव का भव्य समापन कीर्तन दरबार और लंगर के साथ विधिवत रूप से किया गया। पूरे गुरुद्वारे को आकर्षक लाइटों और फूलों से सजाया गया था, जबकि श्रद्धालुओं ने मोमबत्तियां जलाकर इसकी सुंदरता को और बढ़ा दिया। रात्रि 8 बजे प्रारंभ हुए कीर्तन दरबार में सिख श्रद्धालुओं के साथ अन्य समुदायों के लोगों ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर माथा टेका और शब्द कीर्तन का आनंद लिया।

कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी ने माहौल को और भी रोशन बना दिया। इससे पूर्व सिख समाज ने पांच दिन तक प्रभात फेरी और भव्य शोभायात्रा निकाली थी। समापन कार्यक्रम को सफल बनाने में सरदार भूपेंद्र सिंह दुआ, परमजीत सिंह दुआ, राजेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, अजेंद्र सिंह चावल सहित गुरुद्वारा प्रबंधन समिति और कई सिख गणमान्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।













