गिरिडीह –ताराटांड़ थाना क्षेत्र के बदगुंदा गांव में बुधवार को कार्तिक उद्यापन को लेकर निकाली जा रही शोभा यात्रा के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी और लाठी-डंडे चले, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही गांडेय से सीओ और बीडीओ के साथ ताराटांड़, गांडेय और अहिल्यापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं जिला मुख्यालय से पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उपायुक्त रामनिवास यादव और एसडीपीओ जितवाहन उरांव भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और माहौल तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।

जानकारी के अनुसार, झड़प में दोनों पक्षों के दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि कुछ को गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया है। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि “यह विवाद दो व्यक्तियों के बीच शुरू हुआ था, जिसे कुछ लोगों ने बढ़ा दिया। स्थिति पर हमारी पूरी नजर है, शांति भंग करने वालों की पहचान की जा रही है।” फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है।













