सरिया सिख समुदाय के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का जन्मोत्सव सरिया गुरुद्वारा में श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सिख समुदाय के लोगों ने भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे नगर का माहौल ‘वाहे गुरु’ के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम स्थल पर लंगर प्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें सरिया सिख समाज सहित अन्य समुदायों के लोगों ने भी प्रसाद ग्रहण किया।

ज्ञानी अमरजीत सिंह ने अपने प्रवचन में कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता, समानता और सेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने बताया कि गुरु नानक देव जी सिख धर्म के प्रथम गुरु ही नहीं, बल्कि ईश्वर के स्वरूप थे, जिन्होंने सिखाया कि ईश्वर हर जीव और प्रकृति में विद्यमान है। इस अवसर पर सरदार मनोहर सिंह बग्गा, राजेंद्र मखीजा, सिमरन सिंह, आलोकित मखीजा, विशाल गंभीर, आकाश जुनेजा, संजय सलूजा, शम्मी सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।













