गिरिडीह में सिख धर्म के प्रथम गुरु और संस्थापक गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को स्टेशन रोड स्थित प्रधान गुरुद्वारा से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में पंज प्यारे और निशान साहिब के साथ निकली यह नगर कीर्तन यात्रा पूरे शहर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण लेकर चली।

गुरु-वाणी और भजन-कीर्तन से पूरा नगर गुंजायमान रहा, वहीं श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर शोभा यात्रा का स्वागत किया।यह शोभा यात्रा गांधी चौक, बड़ा चौक, मुस्लिम बाजार, कालीबाड़ी चौक, टावर चौक और मकतपुर चौक होते हुए पुनः प्रधान गुरुद्वारा में संपन्न हुई। इस दौरान समाजसेवियों और सिख संगतों द्वारा जगह-जगह पर पेयजल और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर देवेंद्र सिंह सलूजा, डॉ गुणवंत सिंह मोंगिया, अमरजीत सिंह सलूजा, जोरावर सिंह सलूजा समेत बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु शामिल हुए। कल कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरुद्वारा में गुरु नानक जयंती का मुख्य आयोजन किया जाएगा।













