गिरिडीह। अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़ा कदम उठाया है। एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते और एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में कबरीबाद सहित सीसीएल कोलियरी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की गई। इस दौरान करीब बीस टन से अधिक अवैध कोयला और पांच बाइक जब्त की गईं। कार्रवाई से कोयला माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
मौके पर मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, सीसीएल के पदाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध कोयला कारोबार को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से गिरिडीह में कोयला तस्करों पर नकेल कसने की उम्मीद जताई जा रही है।












