पेशम पंचायत में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कदम उठाया गया है। वार्ड नंबर 9 में प्रखंड विकास पदाधिकारी की उपस्थिति में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके तहत प्रत्येक घर में प्लास्टिक एकत्र करने हेतु बोरा वितरित किया गया। बीडीओ ने ग्रामीणों से अपील की कि वे खरीदारी के समय कपड़े का थैला लेकर जाएं और प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करें।

पंचायत की मुखिया रागिनी सिन्हा ने बताया कि पंचायत को प्लास्टिक मुक्त बनाने के अभियान में ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत में ही वेस्ट प्लास्टिक का रिसाइक्लिंग कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। इस अवसर पर वार्ड सदस्या यशोदा देवी, युवा समाजसेवी मनीष (गुड्डू) सिन्हा, पवन सिंह, मुकेश यादव और रंजन कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।














