गिरिडीह, 03 नवंबर 2025 — बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से आज परिवहन विभाग, राँची के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी एवं मोटरयान निरीक्षक, गिरिडीह के नेतृत्व में जी.टी रोड (NH-19) पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान “रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” और “गुड सेमिरिटन योजना” के तहत लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक है, जिससे वाहन को नियंत्रित करना आसान होता है।

जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को मोटरयान अधिनियम 2019 की धाराओं की जानकारी दी गई और चेतावनी दी गई कि तेज रफ्तार या सड़क पर रेसिंग करते पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के अंतर्गत राहगीरों और वाहन चालकों के बीच “रोड सेफ्टी हैंडबुक” और “रफ़्तार घटाओ सुरक्षा बढ़ाओ” पंपलेट भी वितरित किए गए। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन कर अपने और दूसरों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करें।













