Aba News

गिरिडीह पुलिस की सख्त कार्रवाई – सार्वजनिक स्थलों पर नशे का सेवन करने वालों पर चला डंडा, कई युवक भागे छोड़ शराब की बोतल

गिरिडीह। नगर थाना पुलिस ने रविवार शाम शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर नशे का सेवन करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस टीम ने झंडा मैदान, हाई स्कूल मैदान, शास्त्री नगर उसरी नदी किनारे, आश्रम रोड सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने झंडा मैदान में बर्थडे पार्टी के नाम पर हो-हल्ला मचाने वाले युवकों को कड़ी चेतावनी दी और उन्हें तुरंत वहां से हटा दिया। वहीं, हाई स्कूल के मिनी स्टेडियम में बैठे कुछ युवक शराब और अन्य नशे का सेवन करते पाए गए, जिन्हें पुलिस ने दौड़ाकर खदेड़ा। कार्रवाई के दौरान कई युवक मौके से भाग खड़े हुए।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई वरीय अधिकारियों के निर्देश पर की गई है ताकि शहर में सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जा सके। कोर्ट कैंपस के समीप भी कुछ युवक शराब पीते हुए मिले, जो पुलिस की गाड़ी देखते ही बोतलें छोड़कर फरार हो गए। नगर थाना पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं इस तरह की गतिविधियां दिखें तो तत्काल सूचना दें, ताकि शहर का माहौल स्वच्छ और सुरक्षित बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें