गिरिडीह में खेल प्रतिभाओं को नया आयाम देने जा रहा है आगामी सांसद खेल महोत्सव 2025, जो 17 नवंबर से 19 नवंबर तक तीन दिनों तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि, अनुशासन और फिटनेस की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस महोत्सव में जिले भर के खिलाड़ी भाग लेंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार, इस बार खेल महोत्सव में क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, तीरंदाजी सहित कई खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस महोत्सव के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का मौका मिलेगा, जिससे गिरिडीह जिला खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा।
सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशों पर इस आयोजन की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। उन्होंने कहा कि गिरिडीह में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, और यह महोत्सव उन खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर साबित होगा जो राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सपना देखते हैं। आयोजन स्थल पर आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष गुड्डू यादव, जीपीएल चेयरमैन मो. इरशाद, जिला क्रिकेट संघ के सचिव संतोष तिवारी, संयुक्त सचिव आलोक रंजन समेत अनेक खेल प्रेमी और स्थानीय युवा मौजूद थे। सभी ने एकजुट होकर इस आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। यह उम्मीद जताई जा रही है कि सांसद खेल महोत्सव 2025 न केवल जिले की खेल प्रतिभाओं को निखारेगा, बल्कि गिरिडीह को राज्य के खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाएगा।












