गिरिडीह में आज राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर भव्य “रन फॉर यूनिटी – एकता दौड़” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी और पटेल सेवा संघ गिरिडीह के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसका नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष महादेव दुबे और पटेल सेवा संघ के अध्यक्ष शिव पूजन पटेल ने किया।

यह दौड़ झंडा मैदान से शुरू होकर टावर चौक, जिला परिषद, मकतपुर चौक, कालीबाड़ी चौक, शिव मोहल्ला होते हुए बड़ा चौक तक निकाली गई, जहां यह एक सभा में परिणत हुई। कार्यक्रम में भाजपा, पटेल जयंती समारोह समिति, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विश्व हिंदू परिषद, एकल अभियान सहित बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर महादेव दुबे ने कहा कि यह अभियान “राष्ट्र की चेतना जगाने और युवाओं में राष्ट्रीय गौरव बढ़ाने” का प्रयास है।

वहीं संयोजक सेवानिवृत्त इंजीनियर विनय कुमार सिंह ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण” के विजन से प्रेरित है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सरदार पटेल द्वारा 562 रियासतों के एकीकरण और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की अवधारणा को याद किया। शिवपूजन पटेल ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार जताया। मौके पर सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव ने युवाओं को “अमृत पीढ़ी” की भूमिका निभाने का आह्वान किया।












