Aba News

डंडियाडीह में 13 वर्षीय निखत प्रवीन की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के डंडियाडीह में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 13 वर्षीय निखत प्रवीन का शव घर की छत पर फंदे से झूलता हुआ मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के पिता मो. इलियास सऊदी अरब में कार्यरत हैं। परिजनों ने बताया कि सभी लोग एक शादी समारोह में गए हुए थे और लौटने पर घर का दरवाजा अंदर से बंद पाया।

स्थानीय लोगों की मदद से जब छत पर पहुंचा गया, तो निखत दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी मिली। तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पचंबा थाना में आवेदन दिया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि अज्ञात व्यक्ति ने गला दबाकर हत्या की है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें