झारखंड के गिरिडीह, बोकारो और हजारीबाग जिले के प्रवासी मजदूरों का विदेश में फंसने का सिलसिला थम नहीं रहा है। एक बार फिर दर्दनाक खबर सामने आई है — इन जिलों के 48 मजदूर अफ्रीका के ट्यूनीशिया में फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले तीन महीनों से कंपनी ने मजदूरों का वेतन रोक रखा है, जिसके चलते उनके सामने खाने-पीने तक का संकट उत्पन्न हो गया है। परेशान मजदूरों ने वीडियो संदेश जारी कर बताया है कि वे बेहद बुरी हालत में हैं

और किसी तरह अपने घर वापस लौटना चाहते हैं। उन्होंने सरकार से न केवल सुरक्षित वतन वापसी, बल्कि बकाया मजदूरी के भुगतान की भी मांग की है। इस गंभीर मामले पर प्रवासी श्रमिकों के मुद्दे पर काम कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने केंद्र और राज्य सरकार से तत्काल कूटनीतिक पहल करने की अपील की है, ताकि मजदूरों को शीघ्र भारत लाया जा सके। ट्यूनीशिया में फंसे इन श्रमिकों की हालत झारखंड से हो रहे असंगठित प्रवास की कड़वी सच्चाई को एक बार फिर उजागर करती है।












