Aba News

गिरिडीह में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन – सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर उमड़ा एकता का जनसैलाब

गिरिडीह: लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वींजयंती के अवसर पर आज गिरिडीह जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इस आयोजन की शुरुआत पपरवाटांड से हुई, जिसमें जिले के डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ. विमल कुमार, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय एकता के संदेश वाली तख्तियां लिए, सभी प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से देश की अखंडता और एकता का संदेश दिया। दौड़ का समापन शहर के बड़ा चौक पर हुआ, जहां उत्साह और देशभक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

इस मौके पर डीसी रामनिवास यादव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश की रियासतों को एक सूत्र में बांधकर भारत की एकता को सशक्त बनाया। वहीं एसपी डॉ. विमल कुमार ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने में योगदान दें। कार्यक्रम के दौरान ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। स्कूलों के छात्रों में भी खासा उत्साह देखा गया जिन्होंने न केवल दौड़ में हिस्सा लिया बल्कि एकता दिवस पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें