गिरिडीह जिले के पीरटांड थाना क्षेत्र के जिलेबिया मोड़ पर गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक 20 वर्षीय युवक मुन्नीलाल मरांडी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, युवक चिरकी में आयोजित जतरा मेला से लौट रहा था, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल को गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया। फिलहाल चालक फरार है और पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने जिलेबिया मोड़ पर दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए प्रशासन से गति नियंत्रण के उपाय और ट्रैफिक निगरानी की मांग की है।












