गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के जनता-जरीडीह गांव में बुधवार को धान काटने के दौरान जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई, जिसमें महिला समेत 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में सीताराम वर्मा, सहोदरी देवी, छोटू यादव, दीनदयाल वर्मा, सरिता वर्मा, शंकर वर्मा, सविता देवी, इंद्रदेव वर्मा, अमन वर्मा, देवंती देवी, सावित्री देवी, श्रीकांत वर्मा, युगल यादव, विकास वर्मा, दशरथ महतो, राजेश वर्मा, अभिनव वर्मा, लोधनी देवी और मीणा देवी शामिल हैं।

बताया गया कि खाता नंबर 32, प्लॉट नंबर 309, रकबा 382 डिसमिल को लेकर शंकर महतो और जयनाथ महतो के बीच लगभग दस वर्षों से विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में लंबित है। इसी दौरान दोनों पक्षों में तलवार और लाठी-डंडे तक चल गए। घायल लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कई की गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर बिरनी थाना की पेट्रोलिंग टीम अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी जुटा रही है।












