गिरिडीह। पचम्बा थाना क्षेत्र के तेलोडीह पंचायत के लोहपिट्टी स्थित लच्छो अहरी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। छठ पर्व की तैयारी के बीच 12 वर्षीय आयुष कुमार की डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि मृतक मिर्जागंज निवासी पंकज साव का पुत्र था, जो अपने नाना धूमड़ी साव के घर छठ पूजा मनाने आया था। मंगलवार सुबह छठी मइया को अर्घ्य देने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान आयुष अपने साथियों के साथ अहरी में नहाने चला गया। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जब परिजनों को बच्चे के लापता होने का पता चला तो ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आयुष को अहरी से बाहर निकाला गया और गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना से पूरे इलाके में मातम छा गया है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में सन्नाटा पसर गया है। छठ पूजा जैसे पवित्र पर्व के दिन इस दुखद हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आने वाले दिनों में ऐसे धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर निगरानी या सुरक्षा कर्मी मौजूद होते, तो शायद यह हादसा टल सकता था। प्रशासन से उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।












