गिरिडीह के मकतपुर बांग्ला स्कूल स्थित रविंद्र ग्रंथागार में मंगलवार की रात भक्ति और संगीत का शानदार संगम देखने को मिला। काली पूजा के अवसर पर आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय और बाहरी कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

सोल्स इंडिया — भारतीय फ्यूजन बैंड की टीम ने बंगाली और हिंदी दोनों भाषाओं में एक से बढ़कर एक भजन और गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। सुरों और ताल पर झूमते लोगों की भीड़ ने पूरे सभागार को ऊर्जा से भर दिया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। हर साल की तरह इस बार भी काली पूजा के बाद आयोजित यह सांस्कृतिक संध्या लोगों के लिए एक यादगार शाम बन गई।













