ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक और ऑल इंडिया अग्रगामी किसान सभा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर राज्य के किसानों का धान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने की गारंटी देने की मांग की है। संगठन ने कहा कि राज्य के किसान हर साल औने-पौने दाम पर धान बेचने को मजबूर होते हैं क्योंकि सरकार समय पर एमएसपी की घोषणा नहीं करती और खरीदी केंद्रों की संख्या भी बेहद कम रहती है।
पूर्व जिप सदस्य एवं फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में दो सूत्री मांग की गई है — पहली, सभी पंचायतों में धान खरीदी केंद्र खोले जाएं और दूसरी, धान खरीदी के लिए अग्रिम राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसानों से वादे किए गए थे, लेकिन अभी तक उन पर अमल नहीं हुआ है, जिससे किसान आर्थिक रूप से नुकसान झेल रहे हैं।












