गिरिडीह, 21 अक्टूबर 2025:- जिला प्रशासन गिरिडीह द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इस दरबार का मुख्य उद्देश्य जनता की शिकायतों को सुनना, उनका त्वरित निवारण करना और प्रशासनिक सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाना है। इसी क्रम में आज उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए सैकड़ों लोगों की समस्याओं को सुना गया। उपायुक्त ने प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और कई मामलों में मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराया। जनता दरबार में भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन, राशन, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि विषयों पर शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने का आश्वासन दिया गया।
उपायुक्त श्री यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रहा है, जिससे लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है। इस दौरान कई आवेदनों को जन समाधान पोर्टल के माध्यम से संबंधित विभागों को भेजकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई। जनता दरबार में ऑन द स्पॉट समाधान होने से फरियादियों ने संतोष जताया और उपायुक्त की पहल की सराहना की। हर मंगलवार और शुक्रवार को लगने वाले इस जनता दरबार में अब सौ से अधिक लोग पहुंच रहे हैं, जो यह दर्शाता है कि जनता का भरोसा प्रशासन पर लगातार मजबूत हो रहा है।












