Aba News

सब्जी खरीद – बिक्री को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट, एक दर्जन से अधिक लोग घायल, सड़क जाम से यातायात ठप

गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथडीह-मिर्जागंज सब्जी मंडी में रविवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब सब्जी खरीद-बिक्री के दौरान लगे जाम को लेकर दो गुटों में विवाद शुरू हो गया। मामूली कहा-सुनी धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे बरसाने शुरू कर दिए। इस घटना में एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई दुकानों और ठेलों में तोड़फोड़ की गई। अचानक हुए इस संघर्ष से पूरे बाजार में भगदड़ मच गई और आसपास के लोग अपनी सुरक्षा के लिए घरों में दुबक गए। कुछ ही मिनटों में सब्जी मंडी का इलाका रणभूमि में तब्दील हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस की टीम भारी संख्या में मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया, साथ ही घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर हमला और रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया है। इस हिंसक झड़प के बाद आक्रोशित लोगों ने जमुआ-देवघर मुख्य मार्ग को घंटों जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम हटाया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें