गिरीडीह में दीपावली पर्व की शुरुआत धनतेरस के साथ होते ही बाजारों में रौनक लौट आई है। शनिवार की सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। बर्तन, झाड़ू, मूर्तियां, सजावटी सामान, इलेक्ट्रॉनिक आइटम, पटाखे और सोना-चांदी के गहनों की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

महिलाएं और युवतियां पूजा सामग्री व घरेलू सामान खरीदने में जुटीं, जबकि बच्चे खिलौने और सजावटी आइटम खरीदने में व्यस्त नजर आए। ज्वेलरी शोरूम में भी धनतेरस पर खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
शहर के टॉवर चौक, कलाबाड़ी चौक, मकतपुर, मुस्लिम बाजार और स्टेशन रोड को रंगीन लाइटों व फूलों से सजाया गया है। वहीं जाम की समस्या को देखते हुए डीएसपी कोशर अली खुद सड़कों पर उतरे और फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटवाया ताकि ट्रैफिक व्यवस्था बनी रहे।












