Aba News

समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव ने विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक की — प्रगति पर जताई नाराजगी, दिए सख्त निर्देश

गिरिडीह, 16 अक्टूबर 2025: जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज समाहरणालय सभागार में मनरेगा, अबुआ आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण समेत कई विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुँचे। उपायुक्त ने कहा कि वर्षों से लंबित पड़े कार्यों को अविलंब पूरा किया जाए तथा मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन और जियो टैगिंग कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने पोटो हो खेल मैदान सहित सभी योजनाओं को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि सरकार की मंशा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की रफ्तार को बढ़ाने की है, इसलिए सभी अधिकारी अपने-अपने स्तर पर अधिकतम दक्षता के साथ काम करें ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंच सके।

उपायुक्त यादव ने अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवास योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी लंबित आवास निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए तथा लाभुकों को समय पर किस्तों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी योग्य लाभुक योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले एक सप्ताह के भीतर लंबित योजनाओं में ठोस प्रगति दिखे। बिरसा हरित ग्राम योजना एवं बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना के तहत भी प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने यह भी कहा कि योजनाओं के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी कार्य में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। बैठक में उप विकास आयुक्त, डीआरडीए निदेशक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें