गावाँ थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिजुवाई और ककड़ीयार गाँव में ड्रोन की मदद से की गई संयुक्त छापामारी में उत्पाद विभाग ने अवैध चुलाई शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के दौरान टीम ने घने जंगलों के बीच छुपाकर रखे गए शराब निर्माण स्थलों का पता लगाया, जहाँ चुलाई शराब बनाने के उपकरण, जावा महुआ और भट्टी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई में कुल 10,400 किलोग्राम जावा महुआ और 210 लीटर अवैध चुलाई शराब को जब्त किया गया है। वहीं, इस अवैध कारोबार में शामिल तीन आरोपियों के खिलाफ फरार अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस पूरी छापामारी का नेतृत्व अवर निरीक्षक उत्पाद रवि रंजन द्वारा किया गया। कार्रवाई में बिहार के नवादा जिला के पक्रिवर्मा उत्पाद थाना से निरीक्षक मध निषेध श्री रामेश्वर तुड्डू, सहायक अवर निरीक्षक मध निषेध-सह-ड्रोन प्रभारी श्री अशोक कुमार, गावाँ थाना के अवर निरीक्षक श्री प्रवेश चौधरी समेत सशस्त्र बल एवं गृह रक्षक जवानों की टीम शामिल रही। ड्रोन तकनीक के सहयोग से घने जंगलों में छिपे अवैध शराब निर्माण के अड्डों का सफलतापूर्वक पता लगाया गया, जिससे उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। यह कार्रवाई प्रशासन की उस सख्त नीति को दर्शाती है जिसके तहत अवैध शराब कारोबार को पूरी तरह खत्म करने का संकल्प लिया गया है।












