आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री रामनिवास यादव की अध्यक्षता में मादक पदार्थों की तस्करी एवं खेती की रोकथाम हेतु जिला स्तरीय (NCORD) समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और खेती पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में हर स्तर पर सतर्कता एवं कार्रवाई आवश्यक है।
बैठक के दौरान नशीली दवाओं की लत, प्रभावित क्षेत्रों की पहचान, और इस समस्या से निपटने के लिए अब तक की गई कार्रवाइयों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संयुक्त प्रयासों के माध्यम से जिले को मादक पदार्थों से मुक्त बनाने का लक्ष्य तय करें। उन्होंने विशेष रूप से अफीम की खेती और तस्करी पर निगरानी बढ़ाने की बात कही, साथ ही ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जो इस कार्य में संलिप्त पाए जाते हैं।
उपायुक्त श्री यादव ने औषधि निरीक्षक को निर्देश दिया कि नशे से संबंधित दवाओं की बिक्री पर पूरी तरह नियंत्रण रखा जाए और बिना चिकित्सक की पर्ची के कोई दवा न दी जाए। उन्होंने झोला छाप चिकित्सकों पर सख्त कार्रवाई के भी आदेश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी वन प्रमंडल पदाधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे और मादक पदार्थों के विरुद्ध ठोस रणनीति पर सहमति जताई।












