Aba News

इलाज में लापरवाही का आरोप: लखारी स्थित डॉ. बी. हेम्ब्रम के क्लिनिक में मरीज की मौत पर परिजनों का हंगामा

गिरिडीह: पचम्बा थाना क्षेत्र के लखारी स्थित डॉ. बी. हेम्ब्रम के क्रेसेंट नर्सिंग होम में बीती रात इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान देवरी थाना क्षेत्र के बुढ़ियासारे गांव निवासी जोसेफ हांसदा (50 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों ने नर्सिंग होम में जमकर हंगामा किया और डॉक्टर एवं स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत सामान्य थी, लेकिन एक नर्स द्वारा इंजेक्शन दिए जाने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और फिर मौत हो गई।

परिवार का आरोप है कि पहली सुई के बाद मरीज को बेचैनी महसूस हुई, बावजूद इसके नर्स ने दूसरी सुई लगा दी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। हंगामे के दौरान परिजनों ने क्लिनिक प्रबंधन से जवाबदेही की मांग की और पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने की गुहार लगाई। वहीं, मौके पर पहुंची पचम्बा थाना पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने भी नर्सिंग होम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

डॉ. बी. हेम्ब्रम ने अपनी सफाई में कहा कि मरीज का ब्लड शुगर और बीपी लेवल काफी ज्यादा था, जिससे इंजेक्शन देने के बाद शरीर में रिएक्शन हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि इलाज के दौरान कोई लापरवाही नहीं की गई और पूरा प्रयास किया गया कि मरीज को बचाया जा सके। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर से निजी क्लिनिकों की मॉनिटरिंग और चिकित्सा सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें