झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में मौसम फिलहाल स्थिर बना हुआ है। रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड के ऊपर या आसपास किसी भी तरह का सिनॉप्टिक फीचर सक्रिय नहीं है। बंगाल की खाड़ी में भी फिलहाल कोई निम्न दबाव क्षेत्र नहीं बना है। यही वजह है कि राज्य के सभी जिलों में अगले पांच दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। दिवाली के दौरान आसमान में बादलों का नामोनिशान नहीं दिखेगा और हवा में हल्की ठंडक का एहसास रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिवाली के बाद गुलाबी ठंड की शुरुआत होगी और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी।
राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट पहले से ही महसूस की जा रही है। लातेहार में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं खूंटी, लोहरदगा, रांची और डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 28 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री तक दर्ज हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि झारखंड के कई हिस्सों में अब सर्दी की दस्तक महसूस होने लगी है। वहीं अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री के बीच बना हुआ है, जो साफ आसमान और ठंडी हवाओं का संकेत दे रहा है।
मॉनसून के पूरी तरह विदा होने के बाद झारखंड में साफ और सुहाना मौसम लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला रहा है। राजधानी रांची में दोपहर के समय तेज धूप और शाम को ठंडी हवा का आनंद लोग खुले आसमान के नीचे ले रहे हैं। इस साल झारखंड में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। एक जून से अब तक राज्य में कुल 1266.6 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से लगभग 50% अधिक है। रांची में इस बार सबसे अधिक 1586 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 70% ज्यादा है। हालांकि, पाकुड़, सिमडेगा और गोड्डा जैसे जिलों में सामान्य से 35% तक कम बारिश दर्ज की गई है। अब दिवाली के मौके पर मौसम साफ और ठंडा रहेगा, जिससे लोगों को त्योहार का आनंद और भी सुखद अनुभव होगा।












