Aba News

टाटानगर स्टेशन पर घायल वृद्ध मिला, रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से बची जान

जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन के पोर्टिको क्षेत्र में बीते शाम से एक 58 वर्षीय वृद्ध व्यक्ति, जिसकी पहचान मुश्ताक आलम के रूप में हुई है, घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके पैरों में गहरे जख्म थे और वह दर्द से कराह रहा था। जैसे ही यह सूचना स्टेशन प्रशासन और रेल कर्मचारियों को मिली, उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए पास के अस्पताल से डॉक्टर को बुलवाया। प्राथमिक उपचार के बाद वृद्ध को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल व्यक्ति ने बताया कि वह हजारीबाग का निवासी है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह टाटानगर कैसे पहुंचा।

रेल कर्मचारियों की मानवीय संवेदना और तत्परता से एक व्यक्ति की जान बच सकी। स्टेशन के ऑटो चालकों ने बताया कि बीती शाम दो महिलाएं उस वृद्ध को स्टेशन पर छोड़कर चली गई थीं। इस सूचना के बाद जीआरपी ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और जख्मी व्यक्ति के परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए स्टेशन परिसर में सुरक्षा और निगरानी को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें