राँची के तुपुदाना थाना क्षेत्र के बालसिरिंग इलाके में शनिवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। यह वही गिरोह है जो कोयलांचल शांति समिति (KSS) के नाम पर बीते दिनों डोरंडा में गोलीबारी की घटना में शामिल था। एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़ा अपराधी आफताब और उसके साथी एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और जैसे ही पुलिस टीम बालसिरिंग के पास पहुंची, अपराधियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आफताब नाम का अपराधी गोली लगने से घायल हो गया।
घायल अपराधी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जबकि पुलिस ने मौके से दो अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से देशी पिस्टल, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। एसएसपी राकेश रंजन स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये अपराधी हाल ही में डोरंडा में हुई फायरिंग में भी शामिल थे और KSS गिरोह के नाम पर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति तैयार की जा रही है।












