गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के घुज्जी गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। बताया जा रहा है कि तीन युवक बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। इस हादसे में तीनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। दुर्घटना की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। घायलों की पहचान मरकच्चो निवासी आदित्य सिंह (18 वर्ष), गोलू कुमार (18 वर्ष) और सौरभ पांडे के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे, इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ जाने से हादसा हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को तुरंत बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन आदित्य सिंह और गोलू कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि तीसरे युवक सौरभ पांडे का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। हादसे की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने युवाओं से अपील की है कि वे रफ्तार पर नियंत्रण रखें और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें, क्योंकि लापरवाही और तेज गति अक्सर दर्दनाक घटनाओं का कारण बनती हैं।












