Aba News

IIT GATE 2026: लेट फीस के साथ गेट 2026 आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 13 अक्टूबर तक करें आवेदन

ग्रेजुएट एप्टिट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE 2026) के लिए आवेदन करने का एक और मौका उम्मीदवारों को मिल गया है। आईआईटी गुवाहटी ने रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि को लेट फीस के साथ 13 अक्टूबर 2025 तक बढ़ा दिया है। जो उम्मीदवार अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट gate2026.iitg.ac.in
पर जाकर तुरंत आवेदन कर सकते हैं। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर 2025 थी, लेकिन अब लेट फीस के साथ उम्मीदवार 13 अक्टूबर तक फॉर्म भर सकते हैं। गौरतलब है कि इस परीक्षा का आयोजन आईआईटी और आईआईएससी बेंगलुरु संयुक्त रूप से शिक्षा मंत्रालय के अधीन कराते हैं।

गेट 2026 परीक्षा का आयोजन 7, 8, 14 और 15 फरवरी 2026 को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में किया जाएगा। आवेदन शुल्क की बात करें तो महिला, एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों को प्रति पेपर ₹1000 का शुल्क देना होगा, जबकि लेट फीस अवधि में ₹1500 देना होगा। वहीं अन्य सभी उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क क्रमशः ₹2000 और ₹2500 निर्धारित किया गया है। आवेदन के लिए उम्मीदवारों को पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, डिजिटल सिग्नेचर, वैलिड फोटो आईडी, कैटेगरी सर्टिफिकेट और पात्रता संबंधी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उम्मीदवारों को कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखना जरूरी है।

आईआईटी गुवाहटी की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए जल्द से जल्द आवेदन करें। GATE परीक्षा इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी और साइंस के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए एक प्रतिष्ठित परीक्षा मानी जाती है। इसके माध्यम से देशभर के प्रतिष्ठित संस्थानों में मास्टर और पीएचडी कोर्सेज़ में प्रवेश के साथ-साथ पब्लिक सेक्टर कंपनियों में नौकरी के अवसर भी मिलते हैं। इसलिए जो उम्मीदवार उच्च शिक्षा या सरकारी नौकरियों की दिशा में कदम बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए यह परीक्षा सुनहरा अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें