गिरिडीह जिले में रविवार को प्लस पोलियो अभियान की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में की गई। पीरटांड प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय पिपराडीह में जिलाधिकारी रामनिवास यादव ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर इस महाअभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान डीसी का स्वागत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया, जहां स्थानीय ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने उन्हें पारंपरिक साफा पहनाकर सम्मानित किया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांव-गांव जाकर शून्य से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य तय किया है। अधिकारियों ने कहा कि “दो बूंद ज़िंदगी की” के इस संदेश के साथ पूरे जिले में जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।












