जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री गुलाम समदानी ने आपूर्ति विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में एनएफएसए (NFSA) और जेएसएफएसएस (JSFSS) योजना के तहत खाद्यान्न वितरण, चना दाल वितरण, मुख्यमंत्री दाल भात योजना, चीनी और नमक वितरण, पीवीटीजी परिवारों को मिलने वाले खाद्यान्न, जन वितरण प्रणाली एवं ग्रीन राशन कार्ड जैसे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा हुई। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक ससमय पहुँचे, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने खाद्य वितरण की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने और ई-केवाईसी प्रक्रिया में तेजी लाने पर विशेष बल दिया।

इसके साथ ही ईआरसीएमएस (ERCMS) प्रणाली के अंतर्गत प्रखंडवार लंबित आवेदनों की स्थिति पर चर्चा करते हुए श्री समदानी ने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यूआईडी सीडिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक लाभुक का आधार से लिंक होना अत्यावश्यक है ताकि योजनाओं की पारदर्शिता बनी रहे। मुख्यमंत्री दाल भात योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने विभिन्न केंद्रों के कार्यों की जानकारी ली और बेहतर संचालन के लिए आवश्यक सुझाव दिए। अंत में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने यह सुनिश्चित करने पर बल दिया कि सभी पीवीटीजी परिवारों को प्रत्येक माह समय पर अनाज की उपलब्धता हो, ताकि कोई भी परिवार खाद्य सुरक्षा से वंचित न रहे।












