Aba News

अपराध नियंत्रण को लेकर गिरिडीह एसपी की सख्ती, सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई चौकसी

गिरिडीह. बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और जिले में अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार ने शनिवार को पपरवाटांड स्थित पुलिस कार्यालय सभागार में एक अहम क्राइम मीटिंग की। इस बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी मौजूद रहे। एसपी ने बैठक में सीमावर्ती इलाकों में विशेष चौकसी बरतने पर जोर देते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि बिहार से सटे इलाकों में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या अवैध कारोबार नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम लगातार पेट्रोलिंग करे, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए तत्पर रहे। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने, समन्वय मजबूत करने और चुनावी माहौल में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा।

एसपी डॉ. विमल कुमार ने अपराधियों पर नकेल कसने के लिए भी सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों, फरार अभियुक्तों और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया। लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही नक्सल प्रभावित इलाकों में भी पुलिस की सक्रियता बनाए रखने और साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए साइबर डीएसपी को ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एएसपी अभियान सुरजीत कुमार, एसडीपीओ जितवाहन उरांव, राजेंद्र प्रसाद, सुमित प्रसाद, धनंजय राम, डीएसपी नीरज कुमार सिंह और कौशल अली सहित जिले के तमाम थाना प्रभारी और इंस्पेक्टर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें