Aba News

झाड़ी में बंधा मिला घायल मवेशी, ग्रामीणों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

गिरिडीह। सीआरपीएफ कैंप के पास झिंझरी मोहल्ला में गुरुवार देर रात एक झाड़ी से घायल अवस्था में मवेशी बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने इस मवेशी को झाड़ियों में बांधकर छिपा दिया था। जैसे ही स्थानीय ग्रामीणों को इसकी भनक लगी, वे मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को देखते ही संदिग्ध लोग वहां से भाग निकले। मौके पर मौजूद युवकों ने घायल मवेशी को झाड़ी से बाहर निकाला और उसे पानी पिलाया। मवेशी के शरीर पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे थे, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि उसे बेरहमी से पीटा गया था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ लोगों द्वारा मवेशी को कसाई मोहल्ला ले जाने की तैयारी की जा रही थी, और वे अंधेरा होने का इंतजार कर रहे थे। ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ी घटना टल गई। घटना की जानकारी जैसे ही आसपास फैली, दर्जनों लोग मौके पर जमा हो गए। वहीं, ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी। थोड़ी ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मवेशी को सुरक्षित स्थान पर रखवाया और अज्ञात लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

नगर थाना प्रभारी ने बताया कि मवेशी के सही मालिक की पहचान की जा रही है। अगर मालिक मिल जाता है तो मवेशी को सुपुर्द कर दिया जाएगा, अन्यथा उसे पचम्बा गौशाला भेज दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि आखिर शहर में मवेशी तस्करी जैसी घटनाओं पर लगाम कब लगेगी। फिलहाल ग्रामीणों की जागरूकता से एक निर्दोष जान की रक्षा हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें