गिरिडीह। नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक टोटो चालक को प्रतिबंधित मांस लेकर जाते हुए स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने टोटो चालक की जमकर धुनाई कर दी। लोगों का आरोप था कि चालक लंबे समय से प्रतिबंधित मांस की तस्करी में लिप्त है। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने तत्काल चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं प्रतिबंधित मांस और टोटो को जब्त कर लिया गया है।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि कई बार इस तरह की गतिविधियाँ सामने आ चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिबंधित मांस की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। लोगों का कहना है कि खुलेआम इस तरह की गैरकानूनी हरकतें समाज में अशांति और धार्मिक भावनाओं को भड़काने का काम करती हैं। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और टोटो चालक से पूछताछ कर रही है कि प्रतिबंधित मांस वह कहां से ला रहा था और किसे सप्लाई करने वाला था। नगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे गिरिडीह शहर में लोगों के बीच रोष का माहौल है और लोग कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।












