Aba News

सम्पूर्ण जिले में 12 अक्टूबर से शुरू होगा तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान — कोई भी बच्चा न छूटे, यही है लक्ष्य

गिरिडीह, 09 अक्टूबर 2025: जिला उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 12 अक्टूबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि “0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।” उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि अभियान सफल और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके। अभियान के पहले दिन यानी 12 अक्टूबर को जिले भर में 2325 बूथों पर पोलियो की खुराक दी जाएगी, जबकि 13 और 14 अक्टूबर को डोर-टू-डोर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की बूंदें पिलाई जाएंगी। उपायुक्त ने सभी प्रखंडों के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि हर गांव, हर मोहल्ले के बच्चे इस अभियान में शामिल हों और कोई भी बच्चा छूटने न पाए।

उपायुक्त ने आगे बताया कि जिले में कुल 4,91,635 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए 4,650 स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की गई है। साथ ही, सुपरवाइजरों और ट्रांजिट टीमों की भी तैनाती की गई है ताकि अभियान की निगरानी और संचालन सुचारू रूप से हो सके। उन्होंने समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, रोटरी क्लब और रेडक्रॉस सोसायटी से अपील की कि वे इस जनकल्याणकारी अभियान को जनआंदोलन का रूप देने में सहयोग करें। उपायुक्त ने प्रचार-प्रसार को और व्यापक बनाने पर भी जोर दिया ताकि आमजन समय से जागरूक हों और अपने बच्चों को बूथ तक लेकर आएं। यह अभियान पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में एक और मजबूत कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें